बिलासपुर । विधानसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले मे आयोजित संभागीय सम्मेलन मे कांग्रेस के प्रदेश संगठन ने पार्टी नेताओं जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को नसीहत दी है

। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुटबाजी और मनमुटाव दूर कर सत्ता बरकरार रखने प्रेरित किया। बिलासपुर मे बुधवार को हुए काँग्रेस के संभागीय सम्मेलन मे पार्टी का जनाधार बनाये रखने पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री समेत संगठन के तमाम नेताओं ने शासन की योजनाओं के बूते कार्यकताओं को जनता की नब्ज टटोलने कहा. संभाग के आठ जिलों के अध्यक्ष और सभी विधायकों को बोलने का अवसर दिया जिसमें प्रमुख रूप से कार्यकर्ताओं को पर्याप्त तव्वजो नहीं देने की बात सामने आयी है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार की नीतियों के कारण निजी नुकसान के बजाय जनता को हुए फायदे पर फोकस करने की सलाह दी और कहा हमारे लिए जनाधार जरूरी है इसके लिए हर मतदाता तक पहुंचना होगा। मनमुटाव छोड़े और गुटबाजी से परे होकर आगामी विधानसभा चुनाव मे फिर से जीत हासिल करने पर काम करें। सीएम ने कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें चुनाव की जिम्मेदारी सौपने की बात कही। संगठन और सरकार में तालमेल पर बोलते हुए प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने सभी को अपने स्तर पर प्रदेश संगठन से मिला दायित्व निभाने सलाह दी। उन्होंने कहा हमारे लिए एक एक वोट का महत्व है और इसके लिए मतदाता सूची पर बारीकी से कम किया जाना चाहिए। सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने कहा हमें मतदाता से वोट मांगने का पहले से ज्यादा अधिकार बनता है क्योंकि बीते साढे 4 सालों में उनकी सरकार ने केवल जनता के लिए काम किया है। किसानों के अलावा सभी वर्गों से मिलकर बचे कार्यकाल मे कमी पूरा करने का अवसर है इस तरह पार्टी के प्रति लोगों मे विश्वास बना रहेगा। सिम्स मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित संभागीय सम्मेलन में सरकार मे शामिल मंत्रियों ने अपने कामकाज में कार्यकर्ताओं की भूमिका को रेखांकित किया इस सम्मेलन में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी शैलजा, पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम समेत तमाम प्रदेश के बड़े नेता शामिल हुए । लगभग 5 घंटे तक चले इस कार्यकर्ता सम्मेलन में पूरे संभाग के आठ जिलों से आए कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने अपनी बात रखी। इससे पहले पीसीसी के सभी बड़े पदाधिकारियों के साथ विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और मुख्यमंत्री के साथ कुमारी शैलजा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
75 सीट के साथ बनाएंगे सरकार-मरकाम
कांग्रेस के संभागीय सम्मेलन में शामिल होने आए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए भारतीय जनता पार्टी और उनके नेताओं पर बेहद तल्ख टिप्पणी की है। उन्होंने कहा है कि भाजपा में इन दिनों कुकुरमुत्ते की तरह नेता पैदा हो रहे है। भारतीय जनता पार्टी में विस्फोटक स्थिति है। पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है बीच में ही पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष बदल दिया। भाजपा में पिछले 4 सालों में 3 प्रदेश अध्यक्ष बदले जा चुके हैं। दरअसल भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता निराशा के दौर से गुजर रहे हैं। भाजपा में हर कोई नेता बड़ा बनने का प्रयास कर रहा है। एक सवाल पर पीसीसी अध्यक्ष ने कहा 15 साल तक भाजपा ने शासन किया। भाजपा शासनकाल में चावल, चिटफंड, अगस्ता वेस्टलैंड जैसे घोटाले हुए, अगर अच्छा काम किए होते तो भाजपा 15 सीटों में नहीं जाती। मरकाम ने कहा भाजपा को अपना देखना चाहिए। विपक्ष में रहते हुए 2003 में हमने 37 सीट जीता। 2008 में 38 और 2013 में 40 सीट जीते। हमेशा हम बढ़े हैं।, कम नहीं हुए है। साल 2018 में भाजपा 50 सीटों से सिमटकर 15 सीट पर आ गयी।
भाजपा के केंद्रीय नेताओं के दौरे के सवाल पर अध्यक्ष ने कहा भाजपा के लोग साढ़े 4 साल से बिल में छिपे हुए थे। अब भाजपा नेता बिल से बाहर निकल रहे हैं।यहां की जनता समझ गई है। जब चुनाव नजदीक आता है भाजपा के लोग निकलते हैं। जनता के मुद्दों से इन्हें कोई सरोकार या लेना देना नहीं है। मोहन मरकाम ने कहा काग्रेस पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र है। हम लोग अपनी बात अपने नेता के पास संगठन के पास खुलकर कह सकते हैं।भाजपा में हम दो हमारे दो की सरकार है। मोदी और शाह जो बोलते हैं वही होता है। कांग्रेस में छोटे स्तर का कार्यकर्ता भी अपनी बात रखता है। कांग्रेस पार्टी भगवान राम का हमेशा सम्मान करती है। भगवान राम हमारे पूजनीय है। जबकि राम नाम जपना पराया माल अपना वाली भाजपा की नीति रही है। जब- जब चुनाव आता है भाजपा राम को याद करती है। चुनाव खत्म होने के बाद भूल जाती है। एक सवाल जवाब में मोहन मरकाम ने कहा कि 2023 में हम 75 सीटों के साथ सरकार बनाएंगे। उन्होंने संगठन में किसी प्रकार का खींचतान से इनकार करते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन और सत्ता के तालमेल के साथ काम कर रहे है और आगे बढ़ रहे है। 2023 में हमें जनता का जनादेश हमें मिलेगा

